HIGHLIGHTS
एक घंटे में निकलेगी 10 हजार इडली
श्री अयोध्या जी में 20 जनवरी से 45 स्थानों पर चलेंगे निर्बाध भंडारे
मां अन्नपूर्णा के आंचल में तृप्त होंगे राम भक्त, जलपान का भी प्रबंध
अयोध्या/( सुनील शर्मा) छककर भोजन प्रसाद पाएं। माता जानकी के दरबार में कोई अतिथि भूखा नहीं रहेगा। 20 जनवरी से श्री अयोध्या जी में ऐसी व्यवस्था हो रही है। नगरी में 45 स्थानों पर भंडारे लगेंगे। सुस्वादु। पौष्टिक। शुद्धतम। गर्मागर्म चाय और रस्क का भी आनंद रस ग्रहण करेंगे। इसकी तैयारी चल रही है रामसेवकपुरम के केंद्रीय भंडार में। इस भंडार की देखरेख में ऐसा आधुनिकतम रसोईघर बनाया गया है जो एक घंटे में 10 हजार इडली परोसने के लिए तैयार कर देगा।
दर्शन करने वालों की संख्या बढ़ रही
नवनिर्मित श्रीरामजन्मभूमि मंदिर श्रीरामलला के विग्रह की प्राणप्रतिष्ठा के अवसर पर 22 जनवरी को आमंत्रित अतिथियों की संख्या भले ही लगभग छह हजार हो, लेकिन रामनगरी में इस अवसर पर इतने भक्तजन के रहने का अनुमान है कि सरसों छींट दें तो जमीन पर न गिरेगी। मुख्य अवसर पर प्रतिबंधों के भय से रामलला के दर्शन करने वालों की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है। रविवार सात जनवरी तक तो यह संख्या 33 हजार पार कर गई।
मकर संक्रांति से यह आंकड़ा और बढ़ेगा
मकर संक्रांति से यह आंकड़ा और बढ़ेगा। कोई भक्त निराहार न रह जाए, इसके लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेता और विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज कहते हैं कि रामनगरी में जो भक्त आएंगे, 20 जनवरी से उनके चाय-नाश्ते, भोजन-पानी का पूरा प्रबंध है। वह कहते हैं हमारी व्यवस्था तो लाख-डेढ़ लाख लोगों के जलपान और भोजन की प्रतिदिन की है। बाकी मां अन्नूपूर्णा की ऐसी कृपा होगी कि कोई भूखा या बासी मुंह न रहेगा। रामनगरी में कम से कम 45 स्थानों पर भोजनालय, भंडारे प्रारंभ हो जाएंगे, जो निशुल्क होंगे।
एक घंटे में 10 हजार इडली बन जाएगी
बिरला मंदिर के सामने जन्मभूमि पथ पर नया गेट के पास मंहत रामगोपाल दास जी द्वारा संचालित होने वाले भंडारे का रसोई घर ऐसा होगा कि यहां एक घंटे में 10 हजार इडली बन जाएगी। इससे भक्तों की सेवा में आसानी होगी।
प्रमुख भंडारे यहां होंगे
माता जालपा देवी मंदिर, (जयगुरुदेव के आध्यात्मिक उत्तराधिकारी उमाकांत जी महाराज के शिष्यों द्वारा जलपान की व्यवस्था), सरस्वती विद्या मंदिर, रानोपाली में विदर्भ के लोगों के प्रबंधन में भंडारा, इस्कान के पास लंगरवीर चौराहा, उदासीन मठ, महोबरा बाजार हाइवे के पास कबीरपंथ के लोगों द्वारा भंडारा, नए बस स्टैंड हाइवे के पास कैथल (हरियाणा) के दानी जन के सौजन्य से भंडारा, रामकथा संग्रहालय के पास अक्षय पात्र फाउंडेशन, वृंदावन द्वारा। यहां सड़कके दूसरे छोर पर सचल भोजनालय भी रहेंगे, ताकि भक्तजन को सुविधा हो।
नयाघाट, स्टेट बैंक के पास हिमाद्रि फाउंडेश, कोलकाता द्वारा। इसी स्थान के सामने मां अन्नपूर्णा रसोई, लखनऊ के सहयोग से चाय की व्यवस्था। डाकघर, नजरबाग गुरुद्वारा के पास अंबाला के सिख बंधु भंडारा लगाएंगे। श्री हनुमानगुफा में नामधारी, लखीमपुर द्वारा भंडारा, अशर्फी भवन चौराहे के पास पनकी (कानपुर) हनुमान जी स्थान के महंत जितेंद्र दास के संयोजकत्व में भंडारा, गोलाघाट पर अम्माजी का मंदिर पर चेन्नै के लोगों द्वारा भंडारा।
ब्रह्मकुंड गुरुद्वारा के पास गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता द्वारा भंडारा। मां अन्नपूर्णा रसोई लखनऊ द्वारा ही एक भंडारा कारसेवकपुरम में लगेगा। ऐसे भंडारे जन्मभूमि पथ के मुख्य द्वार पर बिरला धर्मशाला के सामने सहित अन्य कई स्थानों पर फरवरी तक संचालित होंगे।
एक लाख चाय प्रतिदिन
प्याली दो प्याली नहीं, एक लाख चाय। प्रतिदिन। झंडेवालान मंदिर, नई दिल्ली के सौजन्य से तीर्थक्षेत्रपुरम में प्रतिदिन एक लाख कप चाय और इतने ही रस्क की व्यवस्था रहेगी। कई स्थानों पर सुबह से लकर रात तक तस्मई (खीर) छक सकेंगे। सुबह दूध-जलेबी भी मिलेगी।
0 Comments