वर्ष 2023 के अंतिम महीने के पहले सप्ताह हुई मतगणना में जहां कांग्रेस के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, स्व. मोतीलाल वोरा के सुपुत्र अरूण वोरा, भिलाई-3 चरोदा निगम के महापौर निर्मल कोसरे और भिलाई कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर को जहां भाजपा के प्रत्याशियों ने काफी मतों के अंतर से हराया है वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का स्लोगन भूपेश है तो भरोसा है, भले प्रदेश में चारो खाने चित नजर आया हो मगर पाटन की जनता ने भूपेश पर भरोसा का ठप्पा लगाते हुए भाजपा के प्रत्याशी सांसद विजय बघेल को 19 हजार 543 मतों के अंतर से एक तरह से नकार दिया है। जिले की महत्वपूर्ण पाटन सीट पर एक ओर सीएम भूपेश बघेल चुनाव जीते तो दूसरी तरफ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा प्रत्याशी प्रेम प्रकाश पाण्डेय को भिलाई नगर विधानसभा सीट पर लगागार दूसरी बार हार का सामना करना पड़ा है। 2018 के चुनाव में लगभग 2800 मतों से चुनाव हारने वाले प्रेम प्रकाश एक बार फिर 2023 के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र यादव से 1264 मतों के अंतर से पराजित हुए हैं। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू को भाजपा के निकटतम प्रतिद्वंद्वी ललित चंद्राकर ने 16 हजार 607 मतों से पराजित किया है। दुर्ग शहर विधानसभा सीट पर कांग्रेस नेता एवं मौजूदा विधायक अरूण वोरा भाजपा के नये चेहरे गजेंद्र यादव से 48 हजार 275 मतों के बड़े अंतर से चुनाव हार गए हैं। अरूण की पूरे दुर्ग जिले में सबसे बड़ी हार है। अहिवारा विधाधसभा से कांग्रेस प्रत्याशी और मौजूदा महापौर निर्मल कोसरे को भाजपा के 75 वर्षीय डोमन लाल कोर्सेवाडा़ ने लगभग साढ़े 25 हजार वोटों से हराया है। वैशाली नगर सीट पर कांग्रेस के भिलाई जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्राकर भाजपा प्रत्याशी और मौजूदा पार्षद रिकेश सेन से 39 हजार 756 मतों के अंतर से चुनाव हार गए हैं। इस मतांतर ने रिकेश सेन को जिले में सर्वाधिक मतों से विजयी उम्मीदवारों की सूची में दूसरे पायदान की विजय दिलाई है।
0 Comments