जयपुर/( सुनील शर्मा) राजस्थान में हवामहल विधानसभा सीट से भाजपा विधायक बालमुकुंदाचार्य ने तलवार से लड्डू काटकर अपना जन्मदिन मनाया। भाजपा विधायक द्वारा तलवार से लड्डू काटने का वीडियो प्रसारित हुआ तो कांग्रेस ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
जयपुर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आर.आर.तिवाड़ी ने कहा कि बदमाशों की तरह तलवार हवा में लहराकर आम जनता को डराने से भाजपा विधायक बाज नहीं आ रहे हैं। इससे पहले भी भाजपा विधायक आपत्तिजनक बयानबाजी कर चुके हैं। दरअसल, गुरुवार को बालमुकुंदाचार्य का जन्मदिन था।
कांग्रेस ने खोला विधायक के खिलाफ मोर्चा
इस मौके पर जयपुर के कनक घाटी आमेर रोड पर पौष बड़ा प्रसादी का आयोजन किया गया था, जिसमें विधायक के समर्थक भी पहुंचे थे। इस दौरान जयपुर शहर से भाजपा के मंत्री सुरेश गुर्जर ने अपने समर्थकों के साथ बालमुकुंदाचार्य को तलवार भेंट की।
इसके बाद कुछ समर्थक उनके पास बड़ा लड्डू लेकर पहुंचे। विधायक ने इस तलवार से केक की तरह लड्डू को काटा और मौजूद समर्थकों को खिलाया। इस दौरान कार्यक्रम संचालक बोल रहा था कि तलवार विधायक को इसलिए भेंट की गई है, जिससे सनातनियों पर बात आए तो बालमुकुंदाचार्य की तलवार आगे आ जाए।
0 Comments