भोपाल /( सुनील शर्मा) मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गुना बस हादसे मामले में सख्त एक्शन लिया है. प्रदेश के परिवहन आयुक्त, गुना कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक समेत जिले के अन्य दो बड़े अधिकारियों पर गाज गिराई है. गुना कलेक्टर तरुण राठी का भोपाल तबादला कर दिया है. एसपी विजय कुमार खत्री को भी हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल भेज दिया गया है. इसके अलावा, संजय कुमार झा को परिवहन आयुक्त के पद से हटा दिया है. वहीं, जिले क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) रवि बरेलिया और नगर पालिका गुना के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) बीडी कतरोलिया को सस्पेंड कर दिया है.
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि मुख्य सचिव को गुना हादसे में अन्य दोषी अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही परिवहन विभाग से भी दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को कहा गया है.
परिवहन विभाग में बड़ी सर्जरी
CM के निर्देश मिलते ही मध्य प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग ने अपर मुख्य सचिव गृह राजेश कुमार राजौरा को परिवहन विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है. अब तक इस पद रहे प्रमुख सचिव सुखवीर सिंह को उक्त प्रभार से मुक्त करने संबंधी आदेश जारी कर दिया है. साथ ही सरकार ने विशेष पुलिस महानिदेशक और परिवहन आयुक्त संजय कुमार झा को पद से मुक्त करने संबंधी आदेश भी जारी कर दिया है. वहीं, गुना जिले क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) रवि बरेलिया को सस्पेंड कर दिया.
0 Comments