Hot Posts

6/recent/ticker-posts

जिस गोबर पर बरसे पीएम मोदी और अमित शाह, मध्य प्रदेश-राजस्थान में वही कांग्रेस की साख

छत्तीसगढ़ में गोबर-गोठान में 1300 करोड़ रुपये का घोटाला होने का आरोप लगाकर भाजपा कांग्रेस और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लगातार घेरती रही है। यहां तक कि प्रचार-प्रसार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा के अन्य शीर्ष नेताओं ने भूपेश सरकार को घेरा। वहीं गोबर राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस की साख बढ़ाता दिख रहा है।
रायपुर/( सुनील शर्मा) विधानसभा चुनाव 2023 के प्रचार-प्रसार के दौरान छत्तीसगढ़ के जिस गोबर-गोठान को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा के अन्य शीर्ष नेताओं ने भूपेश सरकार को घेरा, अब वही गोबर राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस की साख बढ़ाता दिख रहा है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की तर्ज पर मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी दो रुपये किलो गोबर खरीदी के लिए चुनावी घोषणा की है।

भाजपा ने कांग्रेस पर लगाया भ्रष्ट्राचार का आरोप

प्रदेश में गोबर-गोठान में 1,300 करोड़ रुपये का घोटाला होने का आरोप लगाकर भाजपा , कांग्रेस और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लगातार घेरती रही है। ऐसे में सियासी गलियारों में यह चर्चा का विषय बन गया है कि क्या चुनावी वैतरणी में गोमाता छत्तीसगढ़ समेत मध्य प्रदेश और राजस्थान में कांग्रेस की नैया पार लगा पाएगी।

राजनीतिक प्रेक्षकों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने राम, गोबर, गोवंश के सहारे भाजपा के हिंदुत्व मुद्दे को पीछे छोड़ दिया है। इसलिए कांग्रेस अब इसके सहारे दूसरे राज्यों में भी लोगों को आकर्षित करने में लगी हुई है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा के पास अब कोई मुद्दे नहीं बचे हैं। अब तो केंद्र सरकार भी छत्तीसगढ़ की गोधन न्याय योजना को चोरी करके अपनी योजनाओं में शामिल कर रही है। इस योजना से छत्तीसगढ़ में पूरी तरह से क्रांतिकारी परिवर्तन हो रहा है। गोपालकों, किसानों के जीवन में इसका असर देखने को मिला है। भाजपाई इस योजना में जितने रुपये के घोटाले का आरोप लगा रहे हैं, उतना तो इस योजना में खर्च भी नहीं हुआ।

प्रदेश में इतनी गोबर खरीदी

प्रदेश में अब तक 10 हजार 294 गोठानों से 138.26 लाख क्विंटल गोबर की खरीदी हो चुकी है। इसके लिए 276.53 करोड़ गोबर के एवज में भुगतान किया गया है। 6,453 गोठान स्वावलंबी हो चुके हैं।

भूपेश सरकार ने देश में बटोरी सुर्खियां

गोबर-गोठान के लिए चल रही गोधन न्याय योजना ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की देशभर में पहचान बना दी है। मुख्यमंत्री बघेल ने सरकार आते ही 2019 में सबसे पहले गांव-गरीब, किसानों और मजदूरों के लिए अतिरिक्त आय का जरिया बनाने को नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी योजना शुरू की। नरवा से नदी-नालों का उपचार व संवर्धन, गरवा से पशुधन संख्या बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन, घुरवा से रसायनिक खादों की जगह जैविक खाद का इस्तेमाल और बाड़ी योजना से घर में ही पोषक सब्जी-भाजी उगाने के लिए प्रोत्साहित करना शुरू किया।





Post a Comment

0 Comments