हाइलाइट्स
- राजस्थान में बीजेपी ने किया मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान
- भजनलाल शर्मा होंगे राजस्थान के नए मुख्यमंत्री
- दीया कुमारी और प्रेम चंद्र बैरवा राज्य के डिप्टी सीएम
- बीजेपी ने वासुदेव देवनानी को घोषित किया राजस्थान का स्पीकर
जयपुर: /( सुनील शर्मा) भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राजस्थान में सभी को चौंकाते हुए सीएम पद के लिए भजन लाल शर्मा के नाम पर मुहर लगा दी। मिला जानकारी के मुताबिक, सीएम पद के लिए वसुंधरा राजे ने भजनलाल शर्मा के नाम का प्रस्ताव रखा था। इस पर सभी विधायकों ने सहमति जताई। बीजेपी ने छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के बाद राजस्थान में भी उस चेहरे को आगे कर दिया, जिसकी चर्चा नहीं थी। पार्टी दफ्तर पर विधायक दल की बैठक शुरू हुई तो दिल्ली से आए पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, विनोद तावड़े और सरोज पांडेय और चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने बीजेपी के कई नेताओं से अलग-अलग रूम में मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, दीया कुमारी और अनीता भदेल को अलग-अलग कमरे में बैठाकर बातचीत की गई। भजनलाल शर्मा को रूम में ले जाकर राजनाथ सिंह ने बात की। वहीं सरोज पांडेय और विनोद तावड़े ने प्रेम चंद्र बैरवा से रूम में बात की।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का राजनाथ सिंह के पास कॉल आया। फोन को कुछ मिनट दोनों की बात हुई। इसके बाद एक पर्ची पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के हाथ में दी गई। इस पर्ची में राज्य के होने वाले सीएम का नाम था। वसुंधरा राजे ने मीडिया के सामने आकर भजनलाल शर्मा के नाम का ऐलान कर दिया।
पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं: मीणा
वहीं जयपुर पहुंचे बीजेपी के वरिष्ठ नेता और विधायक किरोड़ी लाल मीणा से वसुंधरा राजे के यहां विधायकों की बैठक को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है।
0 Comments