Hot Posts

6/recent/ticker-posts

अयोध्या के इंटरनेशनल एयरपोर्ट का बदल सकता है नाम, यूपी सरकार केंद्र को भेजने जा रही इस नाम का प्रस्ताव

6 जनवरी से प्रमुख भारतीय शहरों के लिए अयोध्या हवाई अड्डे से उड़ानें संचालित होने लगेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 दिसंबर को इसका आधिकारिक उद्घाटन करेंगे।
   अयोध्या/( सुनील शर्मा)  अयोध्या में भगवान श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में भगवान की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की तिथि जैसे-जैसे करीब आ रही है, तैयारियां तेज होती जा रही है। इसके साथ ही पूरे अयोध्या का विकास भी किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन से लेकर एयरपोर्ट तक हर जगह भारी बदलाव दिख रहा है। अयोध्या का नया एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय स्तर का है। उसका नाम मर्यादा पुरुषोत्‍तम श्री राम एयरपोर्ट है।

नए एयरपोर्ट पर 6 जनवरी से उड़ानें शुरू हो जाएंगी
एयरपोर्ट का यह नाम बदला जा सकता है। संभावना जताई जा रही है कि एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर किया जा सकता है। इसके लिए यूपी सरकार बकायदा केंद्र सरकार को एक प्रस्ताव भी भेजने जा रही है। जल्द ही इसका फैसला किया जाना है। अयोध्या के मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 6 जनवरी से प्रमुख भारतीय शहरों के लिए उड़ानें संचालित होने लगेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 दिसंबर को इसका आधिकारिक उद्घाटन करेंगे।
हाल ही में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा था कि देश और विदेश से अयोध्या आने वाले लोगों को अयोध्या के ऐतिहासिक महत्व की झलक भी मिलेगी। उन्होंने कहा, "इसलिए अयोध्या का हवाईअड्डा सिर्फ एक और हवाईअड्डा नहीं होना चाहिए। हमने अपने हवाईअड्डे में अयोध्या की संस्कृति को शामिल करने का प्रयास किया है।"
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था, "हम सभी जानते हैं कि अयोध्या में हवाई पट्टी बहुत छोटी थी। हमारे पास यहां केवल 178 एकड़ जमीन थी। इतनी छोटी पट्टी में हम इतना बड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा नहीं बना सकते थे। प्रधानमंत्री मोदी के निर्देश के तहत जो प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया था सरकार ने मंजूरी दे दी है। राज्य सरकार द्वारा 821 एकड़ जमीन उपलब्ध कराए जाने के बाद भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण नए हवाई अड्डे को विकसित करने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रहा है।"

Post a Comment

0 Comments