जयपुर /( सुनील शर्मा) इस बीच राजस्थान में बीजेपी के विधायकों को कथित तौर पर जबरन रिसॉर्ट में रखने को लेकर राजनीति गरमा गई है.
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, एक भाजपा विधायक के पिता ने राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बेटे और सांसद दुष्यंत सिंह पर उनके बेटे को रिसॉर्ट में ले जाने और उसे बंधक बनाने का आरोप लगाया है.
किशनगंज से विधायक ललित मीणा के पिता हेमराज मीणा ने आरोप लगाया कि 4 दिसंबर को दुष्यंत उनके बेटे को वसुंधरा राजे से मिलने के लिए लाए थे, लेकिन मुलाकात के बाद उन्हें जयपुर के पास एक रिसॉर्ट में ले गए.खबर के मुताबिक, विधायक के पिता ने कहा कि कुछ भी संदिग्ध नहीं था. उन्होंने सवाल उठाया कि जब उनका घर जयपुर में है तो उनके बेटे को जयपुर से बाहर एक रिसॉर्ट में क्यों ले जाया गया.
उन्होंने दावा किया कि ललित बाद में पार्टी कार्यालय जाना चाहते थे लेकिन उन्हें ऐसा करने से रोक दिया गया.विधायक को जबरन रखने का आरोप
पिता ने कहा कि वे बाद में अपने बेटे को लेने रिसॉर्ट भी पहुंचे लेकिन वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रोक दिया.
उन्होंने कहा, “मैं उसे वापस लाने गया था, लेकिन वहां पांच से दस लोग थे जिन्होंने कहा कि वे मुझे अंदर नहीं जाने देंगे, लेकिन हम भी 10-15 लोग थे, जिसके चलते हम अपने बेटे को वापस लाने में कामयाब रहे.”
पिता हेमराज ने कहा कि रिसॉर्ट में ललित सहित झालावाड़ और बारां जिलों के पांच विधायक थे. यहीं से वसुंधरा राजे भी विधायक हैं.
अखबार के मुताबिक इन पांच विधायकों में ललित के अलावा, अंता से कंवरलाल, बारां अटरू से राधेश्याम बैरवा, डग से कालूराम और मनोहर थाना से गोविंद प्रसाद शामिल हैं.
हेमराज मीणा ने आरोप लगाया कि विधायक कंवरलाल ने उन्हें रिसॉर्ट में नहीं जाने दिया था और लड़ाई करने को तैयार थे.
उन्होंने कहा, “कंवरलाल ने कहा कि अपने बेटे को ले जाने से पहले दुष्यंत से बात कर लो, जब मैंने दुष्यंत को फोन किया तो उन्होंने कॉल नहीं उठाई.”
हेमराज ने कहा कि उन्होंने इस घटना के बारे में पार्टी के राज्यसभा सांसद और राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह और राज्य महासचिव(संगठन) चंद्रशेखर को भी जानकारी दे दी है.
जब इंडियन एक्सप्रेस ने विधायक ललित मीणा से इस बारे में संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि यह पार्टी का आंतरिक मामला है और कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.
0 Comments