दुर्ग/( सुनील शर्मा) दुर्ग जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव को लेकर जारी नामांकन प्रक्रिया के पांचवे दिन शुक्रवार को जोरदार चुनावी माहौल बना। जहां दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू ने पूरे तामझाम के साथ अपना नामांकन दाखिल किया, वहीं दुर्ग शहर भाजपा प्रत्याशी गजेन्द्र यादव, दुर्ग ग्रामीण भाजपा प्रत्याशी ललित चंद्राकर, अहिवारा भाजपा प्रत्याशी डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, वैशाली नगर भाजपा प्रत्याशी रिकेश सेन, भिलाई नगर भाजपा प्रत्याशी प्रेमप्रकाश पांडेय ने अपने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर रिटर्निंग ऑफीसर के समक्ष नामांकन भरा। इसके अलावा वैशाली नगर से बसपा प्रत्याशी दिनेश शिंदे व अन्य प्रत्याशियों द्वारा भी नामांकन पत्र दाखिल किए गए है।
नामांकन प्रक्रिया को अब मात्र दो दिन ही शेष रह गए। 30 अक्टूबर नामांकन दाखिले की अंतिम तिथि है। फलस्वरुप नामांकन के पांचवे दिन कांग्रेस-भाजपा के अलावा अन्य राजनीतिक पार्टियों एवं निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिले को लेकर भारी उत्साह दिखाया। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू नामांकन दाखिले के लिए अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ रैली के शक्ल में कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे थे। उनकी यह नामांकन रैली राजीव भवन दुर्ग(कांग्रेस भवन)से प्रारंभ हुई। जो शनिचरी बाजार, भाजपा कार्यालय के सामने से पटेल चौक होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। नामांकन रैली में कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं व समर्थकों का उत्साह देखते बन रहा था। कार्यकत्र्ता अपने हाथों में कांग्रेस पार्टी का झंडा लिए हुए थे और पूरे नामांकन रैली के दौरान ताम्रध्वज साहू जिंदाबाद के नारे गंूजमान रहे।
जिससे कांग्रेस पार्टी के पक्ष में जोरदार चुनावी माहौल बना। दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू के नामांकन के दौरान दुर्ग शहर कांग्रेस प्रत्याशी अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा यादव, रिसाली महापौर शशि सिन्हा, दुर्ग नगर निगम के एमआईसी प्रभारी ऋषभ जैन(बाबू), कांग्रेस नेता बंटी हरमुख, आशीष अग्रवाल,जनपद अध्यक्ष देवेन्द्र देशमुख, भूषण साहू, नासिर खोखर, इरफान खान के अलावा अन्य कांग्रेस नेता व कार्यकत्र्ता मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर दुर्ग शहर भाजपा प्रत्याशी गजेन्द्र यादव, दुर्ग ग्रामीण भाजपा प्रत्याशी ललित चंद्राकर, अहिवारा भाजपा प्रत्याशी डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, वैशाली नगर भाजपा प्रत्याशी रिकेश सेन, भिलाई नगर भाजपा प्रत्याशी प्रेमप्रकाश पांडेय ने भी नामांकन रैली के बहाने अपनी ताकत दिखाई।
दुर्ग ग्रामीण भाजपा प्रत्याशी ललित चंद्राकर के समर्थन में कार्यकत्र्ता बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। इसके अलावा अन्य भाजपा प्रत्याशियों के समर्थक भी रैली के दौरान सक्रिय रहे। भाजपा प्रत्याशियों के रैली व नामांकन में जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, भाजपा नेता चतुर्भुज राठी, चैनसुख भट्टड़,प्रीतपाल बेलंचंदन,काशीराम कोसरे,डॉ. मानसी गुलाटी,अहिवारा नगर पंचायत अध्यक्ष नटवर ताम्रकार, जिला भाजपा महामंत्री सुरेन्द्र कौशिक, जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार एवं अन्य नेता मौजुद थे।
0 Comments