जौनपुर जिले के त्रिलोचन महादेव में वाराणसी के युवक और इटली की युवती की शादी की फोटो सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बना हुआ है. इस पर मंदिर के पुजारी ने बताया कि दोनों ने जॉर्जिया में पहले ही शादी कर ली है. यहां तो यह जोड़ा सिर्फ भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने पहुंचा था.
जौनपुर. वो कहते हैं न कि प्यार कभी भी किसी से भी और कहीं भी हो सकता है. इसका ताजा उदाहरण देखने को मिला जौनपुर के त्रिलोचन महादेव मंदिर में. यहां एक जोड़ा भगवान शिव के मंदिर में दर्शन करने आया. जोड़े को देखते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. कारण ही कुछ ऐसा था. दरअसल, वाराणसी के एक युवक की आंखें इटली की युवती से ऐसे चार हुईं कि दोनों को प्यार हो गया और उन्होंने शादी कर ली. शादी तो उन्होंने जॉर्जिया में की थी. लेकिन युवक वाराणसी का रहने वाला है. इसलिए शादी के बाद युवक अपनी पत्नी को भारत लेकर पहुंचा.
यहां जौनपुर के त्रिलोचन महादेव मंदिर में दोनों ने भगवान शिव के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की. इस दौरान दोनों ने फोटो भी खिंचवाए जो कि देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. अब यह जोड़ा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. कई लोगों को तो यही लग रहा था कि इस जोड़े ने त्रिलोचन महादेव मंदिर में ही शादी की है.
लेकिन मंदिर के प्रधान पुजारी सोनू गिरी ने बताया कि बिना रजिस्ट्रेशन कराए यहां कोई शादी नहीं होती है. मन्दिर में हवन पूजन करने प्रतिदिन हजारों दर्शनार्थी आते हैं. यहां जो शादियां होती हैं उनका पंजीकरण होता है. जहां तक अखिलेश विश्वकर्मा और इटली की तानिया की त्रिलोचन महादेव मंदिर में शादी की बात है तो उन दोनों ने पहले ही विदेश में शादी कर ली थी. यहा दोनों दर्शन-पूजन करने आये थे.
जानकारी के मुताबिक वाराणसी जिले के कारखियांव गांव निवासी अखिलेश विश्वकर्मा 2016 में होटल मैनेजमेंट करने के बाद कतर चला गया था. अखिलेश वहां पर कतर एयरवेज में केबिन क्रू की नौकरी करने लगा. कुछ दिन बाद इटली की एक युवती तानिया से अखिलेश की आंखें चार हुईं और दोनों में नजदीकियां बढ़ने लगीं. नजदीकियां इतनी बढ़ीं की दोनों ने जॉर्जिया में शादी कर ली.
0 Comments